हल्द्वानी। ठंडी सड़क स्थित एक बीमा कंपनी के कर्मचारियों के साथमंगलवार को तीन लोगों ने अभद्रता की। विरोध करने पर उन्होंने कंपनी के सह प्रबंधक हमला कर दिया। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बीमा कंपनी के सहायक शाखा प्रबंधक संजय सक्सेना ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी कि मंगलवार को ठंडी सड़क स्थित कार्यालय में कंपनी से पहले निकाले गए सेल्स मैनेजर सुधीर साहू के साथ ब्रजेश तिवारी और विकास तिवारी आए। तीनों ने आपरेशनल विभाग के कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। विरोध करने पर विकास तिवारी ने लोहे के रॉड से सह प्रबंधक संजय सक्सेना पर हमला किया। इस बीच कर्मचारियों ने बीच बचाव किया। मारपीट और अभद्रता की गतिविधियां सीसीटीवी में कैद हैं। घटना के चलते शाखा प्रबंधक दीपक खत्री और सहायक शाखा प्रबंधक भयभीत हो गए हैं। एसएसआई विजय सिंह मेहता ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने धारा 504,506 के तहत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तत्काल आरोपी ब्रजेश और विकास तिवारी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस घटना के कारणों के बारे में पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है। एक अन्य नामजद आरोपी सुधीर साहू को पुलिस तलाश कर रही है।
बीमा कंपनी के सह प्रबंधक को पीटा
कर्मचारियों से अभद्रता की, दो हिरासत में लिए गए