हल्द्वानी। एमबीपीजी कालेज के छात्रसंघ सचिव को शुक्रवार की रात में बहाने से बुलाकर ठंडी सड़क पर दो लोगों ने पीट दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी बाइक में तोड़फोड़ की। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
आवास विकास संजय कालोनी निवासी छात्र संघ सचिव गौरव सनवाल ने पुलिस को लिखित प्रार्थनापत्र देकर बताया कि शुक्रवार की रात एक बजे दीपांशु जोशी ने उसे कॉल किया। बताया कि उसका ठंडी सड़क पर एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलने के बाद तत्काल छात्रसंघ सचिव मौके पर पहुंचा तो देखा कि ठंडी सड़क पर कोई दुर्घटना नहीं हुई है। यहां आने पर दीपांशु जोशी और अनिरुद्ध पंत छात्रसंघ सचिव के साथ गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने छात्रसंघ सचिव को पीटना शुरू किया। छात्रसंघ सचिव का कहना है कि वह अपनी बाइक छोड़कर दौड़ते हुए भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी में आया। इस बीच उसकी बाइक को दोनों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। एसएसआई विजय सिंह मेहता ने बताया कि इस मामले में आरोपों के आधार पर पुलिस ने धारा 323, 504, 506 के तहत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस घटना की जांच करने के बाद कार्रवाई करेगी।
छात्रसंघ सचिव को बहाने से बुलाकर पीटा
बाइक में तोड़फोड़ की, दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज