हल्द्वानी। जवाहर ज्योति मल्ला चौफला दमुवाढूंगा स्थित सीआरपीएफ के रिटायर्ड दरोगा के घर को चोरों ने खंगाला। चोर लाखों के जेवरात और नगदी लेकर चले गए। घटना की सूचना मिलने पर फिंगर प्रिंट टीम और पुलिस ने मौके का मुआयना कर चोरों की तलाश कर रही है।
जवाहर ज्योति मल्ला चौफला दमुवाढूंगा निवासी सीआरपीएफ के रिटायर्ड दरोगा मदन मोहन की किडनी खराब है। बुधवार को दरोगा अपनी पत्नी के साथ डायलसिस कराने के लिए सेंट्रल अस्पताल चले गए। उनकी बेटी का पीलीकोठी में एक मकान निर्माणाधीन है। इसी कारण डायलसिस के बाद दोनों लोग बेटी के मकान पर चले गए। घर आने पर पता चला कि चोरों ने रात में कमरों को खंगाला डाला है। चोर मकान का ताला तोड़कर आलमारियों में रखे काफी मात्रा में जेवरात, 20 हजार रुपये, गैस सिलिंडर, रेग्यूलेटर सहित काफी सामान चुरा ले गए।
रिटायर्ड दरोगा ने बताया कि चोर करीब 12 तोला सोने के जेवरात और एक डायमंड का जेवरात ले गए हैं। चोरों ने कृत्रिम जेवरात को हाथ नहीं लगाया है। उन्होंने जेवरात छोटी बेटी की शादी के लिए रखे थे। घटना की सूचना मिलने पर काठगोदाम पुलिस ने मौके का मुआयना किया। मौके पर फिंगर प्रिंट की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य इकट्ठा किया। पुलिस चोरों की तलाश करने के लिए पुराने अपराधियों की तलाश कर रही है।