रामनगर (नैनीताल)। शराब न पिलाने पर पांच दिन पहले चाकू से हुए हमले में घायल युवक ने शनिवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस आरोप में गिरफ्तार युवक पर हत्या की धारा बढ़ा दी है।
रानीखेत रोड स्थित श्याम टेंट हाउस पर काम करने वाला उत्तरी खताड़ी इंदिरा कॉलोनी निवासी मुकेश कश्यप (24) पुत्र स्व. बांकेलाल तीन जून को गले पर चाकू लगने से घायल हो गया था। तब से उसका काशीपुर के निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा था। मुकेश के भांजे इंदिरा कॉलोनी निवासी रमेश कश्यप ने चार जून को उसी के साथी टेड़ा गांव निवासी बालम सिंह नेगी उर्फ बॉबी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई तो पुलिस ने आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में बॉबी ने पुलिस को बताया कि शराब न पिलाने पर उनमें झगड़ा हुआ था। परिजनों के अनुसार शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे मुकेश की हालत खराब हो गई थी, जिसके बाद उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया था लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया था इसलिए परिजन उसे रामनगर अस्पताल लाए। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि आरोपी धारा 307 के अभियोग में जेल भेज दिया था। अब मुकेश की मौत होने के बाद यह मुकदमा हत्या की धारा 302 में तरमीम किया गया है। पांच भाइयों में मुकेश चौथे नंबर का भाई था। रो-रोकर मां रामवती बदहवास हो गई है।
चाकू से हमले में घायल युवक ने दम तोड़ा
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी पर बढ़ाई हत्या की धारा