चोरगलिया (नैनीताल)। टायर फटने से अनियंत्रित हुई एंबुलेंस से बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। एंबुलेंस ने पहले बाइक सवार को कुचला फिर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार, एंबुलेंस में सवार मरीज और उसके भांजे की मौत हो गई जबकि फार्मासिस्ट घायल हो गया।
सिद्धार्थ अस्पताल दिल्ली की एंबुलेंस यूपी 85 एटी 9714 सितारंगज के प्रयास अस्पताल से मरीज जलील अहमद (70) पुत्र महमूद हसन निवासी पूरनपूर उप्र को हल्द्वानी के एक प्राइवेट अस्पताल जे जा रही थी। दानीबंगर मोड से 200 मीटर पहले दोपहर 12 बजे अचानक एंबुलेंस का टायर फट गया और अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे बाइक सवार 37 वर्षीय देशराज सिंह पुत्र रामसिंह निवासी पडागांव शक्तिफार्म निवासी (हाल निवासी सुंदरपुर रैक्वाल गौलापार) को कुचल दिया। इसके बाद एंबुलेंस सड़क किनारे सागुन के पेड़ से टकरा कर पलट गई। इससे हल्द्वानी-चोरगलिया रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। लोगों ने एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मरीज जलील अहमद (70) पुत्र मो. महमूद हसन निवासी पूरनपुर की सांसें थम चुकी थी। जलील के भांजे हकीब (32) पुत्र मो. अहमद निवासी डाकिया न्यूरिया पीलीभीत उप्र और प्रयास अस्पताल के फार्मासिस्ट मुसीउद्दीन बुरी तरह से घायल हो गए थे। एंबुलेंस आठ लोग सवार थे। अन्य को चोट नहीं आई। पुलिस की मदद से हकीब और मुसीउद्दीन को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हकीब ने दम तोड़ दिया।
हेलमेट से भी नहीं बची जान
चोरगलिया (नैनीताल) बाइक सवार देशराज सिंह ने हेलमेट पहना था मगर फिर भी उसकी जान नहीं बच सकी। ग्रामीणों का कहना था कि देशराज धार्मिक कार्यों में भाग लेता था और अक्सर लोगों को हेलमेट पहनने व धीमी गति से बाइक चलाने की सलाह देता था। मूल रूप से शक्तिफार्म का रहने वाला देशराज बचपन से ही विक्रम सिंह क्यूरा निवासी रामबाग के वहां बटाईदारी और ट्रैक्टर चालने का काम करता था। मंगलवार रात वह मेला देखने शक्तिफार्म गया था। बुधवार को वापस गौलापार लौट रहा था। देशराज की तीन बेटियां और एक बेटा है।
पुलिस को आने में लग गए 40 मिनट
चोरगलिया (नैनीताल)। हादसे की सूचना पुलिस को 12:30 बजे दे दी गई थी मगर सिपाही 1:10 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद ही एंबुलेंस आई। तब तक मुख्य मार्ग पर वाहनों की लाइन लग गई थी। थानाध्यक्ष शांति कुमार गंगवार ने बताया कि थाने की बोलेरो अक्सर वीआईपी ड्यूटी में मंगा ली जाती है इस कारण आने में देरी हुई।
चोरगलिया के दानीबंगर के पास हादसा, बाइक सवार को भी कुचला
सितारंगज के प्रयास अस्पताल से ला रही थी मरीज को, मृतकों को पीलीभीत जिले के मामा-भांजे शामिल