किच्छा। अपने होटल के बाहर खेल रहे नौ वर्षीय बालक को उठाकर ले जा रहे एक बदमाश को लोगों ने पकड़ लिया। आरोपी की जमकर धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राधा स्वामी सत्संग गली में रहने वाले वसीम का बरेली बाईपास रोड पर मुस्कान चिकन कार्नर के नाम से होटल है। वसीम ने बताया कि मंगलवार शाम को उसका नौ साल का पुत्र अब्दुला उर्फ हमाद होटल के बाहर खड़ा था इस बीच बाइक सवार एक व्यक्ति ने अब्दुल्ला को उठाकर बाइक पर बैठा लिया और अपने साथ ले जाने लगा।
अब्दुल्ला के शोर मचाने पर वहां खड़े फैज नामक युवक ने बाइक को रोक लिया। इस बीच एकत्र हुए लोगों ने आरोपी युवक की जमकर धुनाई कर दी। बाद में आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के पिता ने घटना की तहरीर पुलिस को सौंपी हैं। आरोपी युवक अपने आप को सितारगंज रोड पर पिपलिया गांव का रहने वाला बता रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।