रामनगर (नैनीताल)। यूथ कांग्रेस नेता और होटल कारोबारी कपिल रावत की आत्महत्या का मामला सोमवार को दूसरे दिन भी सोशल मीडिया पर घूमता रहा। कई दोस्तों ने कपिल से जुड़ी यादें इसमें साझा की जबकि करनाल से यहां पहुंची छोटी बहन कविता रावत को आखिरी समय में भाई का मुंह न देख पाने का मलाल है।
ग्राम कानिया निवासी कपिल ने सोमवार को पारिवारिक कलह के चलते फाइकस गार्डन बेलगढ़ में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। कपिल की इच्छा के अनुसार उसका अंतिम संस्कार दोस्तों ने कर दिया था जबकि कुछ परिजन उसकी छोटी बहन कविता, बहनोई रमेश रावत के आने तक इंतजार करने को कह रहे थे। करनाल हरियाणा निवासी कपिल की बहन कविता अपने पति रमेश के साथ सोमवार रात करीब 12 बजे कानिया पहुंची। घर पहुंचते ही वह विलाप करने लगी। कहने लगी कि मेरा इंतजार क्यों नहीं किया। परिजनों समेत कई लोगों को उसके आत्महत्या करने की बात पर विश्वास नहीं हो रहा था। वहीं सोमवार को दूसरे दिन भी दिनभर सोशल मीडिया पर दोस्त कपिल को याद कर पुरानी फोटो अपलोड करते रहे। सभी कांग्रेसी नेता को याद करते हुए पोस्ट डाल रहे थे।