नानकमत्ता। दुर्घटना मे बाइक सवार की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम सतपुड़ा बग्गा चौवन खटीमा निवासी वीरेंद्र राय ने पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया है कि बीते 25 अगस्त को उसके बहनोई गदरपुर निवासी अमरजीत सिंह अपने साथी के साथ बाइक (यूके06एएच-0976) से नानकमत्ता से सितारगज की ओर जा रहे थे।
ग्राम पचपेड़ा भट्टा के पास तेज व लापरवाही से आ रही कार (यूके06एक्यू-9105) ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसके बहनोई अमरजीत सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया।
बताया कि गंभीर हालत देखते हुए बहनोई अमरजीत को हल्द्वानी सुशीला तिवारी रेफर किया गया था। हल्द्वानी उपचार के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटना में दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। बुधवार को पुलिस ने तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 338, 304ए व 427 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।