हल्दूचौड़ (नैनीताल)। बेरीपड़ाव में गौला किनारे वृद्धा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की। प्रथमदृष्टया जांच में पाया गया कि रविवार को तेज बहाव में वृद्धा गौला नदी में बह गई होगी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा है।
सोमवार को बेरीपड़ाव गौला उपखनिज निकासी गेट के समीप नदी किनारे खड़कपुर गांव की महिलाएं अपने मवेशियों के लिए चारा लेने गई थी। इस दौरान महिलाओं को नदी के किनारे पानी में एक अज्ञात वृद्धा का शव दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नदी से बाहर निकाला और शिनाख्त कराई गई। महिला की पहचान तुलसी देवी (75) पत्नी स्वर्गीय भोला दत्त पलड़िया निवासी गौलापार के बसंतपुर गांव के रूप में हुई। पुलिस ने महिला के बेटे जीवन चंद्र पलड़िया से संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया। बेटे ने बताया कि उसकी मां मंद बुद्धि थी। रविवार को दिन का भोजन करने के बाद वह लापता हो गई। भारी बारिश के चलते गौला उफान पर थी। वह किसी तरह नदी किनारे आ गई होगी और तेज बहाव में बह गई होगी। बसंतपुर गांव नदी के समीप ही है। उधर, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है।