बाजपुर में राजस्व विभाग की ओर से प्रधानमंत्री आवासीय योजना के अंतर्गत एक व्यक्ति की वर्ग (क) भूमि पर पट्टे काटे जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर मामले की जांच एडीएम के निर्देश पर एसडीएम को सौंपी गई है।
आरोप है कि नैनीताल के मोटाहल्दू निवासी भुवन प्रसाद की पत्नी के नाम बाजपुर के गांव बरहैनी चनकपुर क्षेत्र में दस एकड़ भूमि है। जो वर्ग (क) के अंतर्गत आती है। जमीन एक व्यक्ति के नाम बटाई पर है। 19 जुलाई को बटाईदार से उसे अवगत कराया गया कि हल्का पटवारी जमीन पर आकर पड़ताल कर रहा था। तहसील से जानकारी लेने पर पता चला कि उसकी भूमि पर आवासीय पट्टे काटे गए हैं। भुवन ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर भी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। भुवन ने अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य वीआर आर्य से शिकायत की। इधर, तहसीलदार केपी सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत करीब 40 पट्टे काटे गए हैं। बरहैनी चनकपुर क्षेत्र में बंजर (सरकारी) दो एकड़ भूमि पर 18 पट्टे काटे गए हैं।