सितारगंज। टनकपुर से चंडीगढ़ जा रही रोडवेज बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने रोडवेज और बाइक को कब्जे में ले लिया। हादसे के समय बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
सोमवार शाम साढ़े चार बजे टनकपुर डिपो की बस (यूके04टीए1123) चंडीगढ़ जा रही थी। पचपेड़ा भट्ट के पास एक बाइक चालक ने बस को ओवरटेक करते हुए ब्रेेेक लगा दिए और पीछे से आ रही रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में घायल बाइक सवार विडौरी गांव निवासी दीपक नाथ (37) पुत्र नारायन नाथ और पचपेड़ा झनकट गांव निवासी सुरेश राणा (35) पुत्र रनजीत राणा को सीएचसी लाया गया, जहां डाक्टर ने दीपक को मृत घोषित कर दिया और प्राथमिक इलाज के बाद सुरेश को एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची नानकमत्ता थाना पुलिस ने रोडवेज बस और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। मृतक दीपक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। रुद्रपुर की एक निजी कंपनी में जॉब करता था।
उसकी पत्नी मुन्नी देवी, बेटी सरिता (12), अंकिता (10) और बेटे रोहित नाथ (7) का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि दीपक कुछ दिन पहले ही नई बाइक खरीदी थी, जोकि अभी सिर्फ दस किमी ही चली थी। खबर लिखे जाने तक पुलिस को हादसे की तहरीर नहीं दी गई थी।