रामनगर (नैनीताल)। रांग नंबर लगने पर शुरू हुआ प्रेम इतना परवान चढ़ा कि बेतालघाट की विवाहिता अपने पति और बच्चे को छोड़कर बाजपुर के लड़के से शादी करने रामनगर पहुंच गई। गाड़ियों के पीछे छिपने के दौरान संदेह होने पर पुलिस ने विवाहिता को पकड़ लिया। पुलिस ने गांव के सरपंच केे जानकारी देकर उसके परिजनों को रामनगर बुलाया है।
बृहस्पतिवार देर शाम महिला पुलिस कर्मी निर्मला चौधरी कोसी बैराज से ड्यूटी कर लौट रहीं थीं। इस दौरान एक महिला पुलिस को देख गाड़ियों के पीछे छिपने लगी। संदेह होने पर निर्मला उसे कोतवाली ले आई। पूछताछ में 27 वर्षीय महिला ने बताया कि वह बेतालघाट के एक गांव की रहने वाली है। उसका पति हिसार में होटल में खाना बनाने का काम करता है। बेतालघाट में वह अपने पांच साल के बेटे और ससुर के साथ रहती है। एक साल पहले बाजपुर क्षेत्र के किसी युवक का रांग नंबर उसके फोन पर लग गया था। फिर आए दिन उस नंबर पर उसकी बात होने लगी और इश्क परवान चढ़ गया। युवक बार-बार बाजपुर आने की बात करता था। भावुक होकर वह उससे मिलने चली आई। युवक ने बताया था कि वह अपनी मां और बुआ के साथ आकर गर्जिया मंदिर में शादी करेंगे। फिलहाल महिला के परिजनों को पुलिस ने सूचना दे दी है परंतु महिला युवक के पास जाने पर अड़ी है।
फोन के माध्यम से बेतालघाट की विवाहिता को बाजपुर के लड़के से हुआ प्रेम
पति और बच्चे को छोड़ा, पुलिस ने विवाहिता को पकड़ा