रामनगर (नैनीताल)। गर्जिया मंदिर परिसर में अराजक तत्वों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मंदिर के मुख्य गेट पर एक घंटे तक तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। सूचना पर एसडीएम परितोष वर्मा, सीओ लोकजीत सिंह और कोतवाली पुलिस के पहुंचने पर हुई वार्ता के बाद कार्यकर्ताओं ने गेट पर लगे ताले को खोला।
प्रदर्शन के चलते श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के बाद जब कार्यकर्ता लौट रहे थे तो मंदिर के समीप एक युवती के साथ अश्लील हरकतें कर रहे तीन युवकों और दो शराबी युवकों को उन्होंने पीटकर पुलिस को सौंप दिया। बीच-बचाव के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ भी लोगों ने धक्का-मुक्की की।
प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर में लंबे समय से अराजक तत्वों की आवाजाही से श्रद्धालुओं और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मंदिर के समीप स्थित कोसी नदी में अराजक तत्व शराब व मांस का सेवन कर वहां का वातावरण दूषित करते हैं। मामले में विहिप नगराध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल और प्रखर मित्तल ने एसडीएम को ज्ञापन भी देकर इन सब रोक लगाने की मांग की थी।
सोमवार को एसडीएम की बैठक में हंगामे के बाद मंगलवार सुबह विहिप कार्यकर्ता मंदिर के मुख्य गेट पर पहुंचे और ताला डाल दिया। उन्होंने प्रदर्शन कर मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं का रास्ता रोक दिया। सूचना पर एसडीएम परितोष वर्मा, सीओ लोकजीत सिंह, कोतवाल विक्रम राठौर, एसएसआई राहुल राठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं को समझाते हुए गेट को खुलवा दिया। इसके बाद मंदिर परिसर में पुजारी के समक्ष वार्ता हुई।
इसके बाद कार्यकर्ताओं का रोष शांत हुआ। इसके कुछ ही देर बाद जब कार्यकर्ता मंदिर परिसर में पहुंचे तो मंदिर परिसर के पास तीन युवक एक युवती के साथ अश्लील हरकतें कर रहे थे। साथ ही दो युवक मंदिर परिसर में शराब पीते दिखाई दिए। इससे एक बार फिर कार्यकर्ताओं का पारा चढ़ गया। उन्होंने पांचों युवकों की पिटाई करते हुए उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि युवती को परिजनों के हवाले करने के साथ ही आरोपी देवेंद्र कुमार, राहुल ठाकुर, कौशल निवासी मुरादाबाद और मो. आजम निवासी कटोराताल काशीपुर, इरफान उर्फ बबलू निवासी टांडा उज्जैन काशीपुर के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
गर्जिया मंदिर में की एक घंटे तक तालाबंदी
विहिप कार्यकर्ताओं ने अश्लील हरकत कर रहे तीन युवकों और दो शराबियों को पीटा