रामनगर (नैनीताल)। नेशनल हाइवे रामनगर-काशीपुर मार्ग पर टैंकर और बाइक की आमने-सामने से हुई भिड़ंत में बाइक सवार एबीवीपी की छात्रा इकाई की नगर प्रमुख एवं मिस रामनगर आरती रावत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल लाया गया जहां उसकी हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
रामनगर महाविद्यालय में बीए तृतीय की छात्रा, एबीवीपी की छात्रा इकाई की नगर प्रमुख एवं मिस रामनगर चर्च रोड जोगीपुरा निवासी 22 वर्षीय आरती रावत पुत्री राजपाल रावत बृहस्पतिवार शाम अपने परिचित ग्राम मंगलार निवासी मुकेश (24) पुत्र मोहन चंद्र के साथ बाइक संख्या यूके 04डब्लू/ 8664 से पीरुमदारा की ओर से रामनगर आ रही थी। एनएच 121 तेलीपुरा के पास रामनगर से जा रहे पेट्रोल के टैंकर संख्या यूपी 87टी0548 से बाइक जा भिड़ी। हादसे में आरती की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि बाइक सवार मुकेश गंभीर घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निजी वाहन से संयुक्त चिकित्सालय भेजा। सिर बुरी तरह कुचल जाने के कारण छात्रा की घंटों तक शिनाख्त नहीं हो पाई।
उधर, छात्रा की मौत की सूचना जैसे ही घर पहुंची कोहराम मच गया। आरती की एक बड़ी बहन, एक छोटा भाई है। आरती के पिता रामनगर रोडवेज में कार्यरत हैं। पीरुमदारा चौकी प्रभारी कविंद्र शर्मा ने टैंकर चालक डीडीओ कॉलोनी बदायूं रोड बरेली निवासी हरीश कुमार को हिरासत में ले लिया है। वह टैंकर को लालकुआं से पीरूमदारा स्थित पेट्रोल पंप पर ला रहा था।
कोई ला दो मेरी मिस वर्ल्ड को...
हादसे के बाद आरती रावत के शव की शिनाख्त करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आरती के पास रखा मोबाइल भी टूट गया था। पुलिस ने सिम निकालकर दूसरे मोबाइल से उसकी फोटो व नंबर से पहचान की। इसके बाद जब पुलिस उसके घर सूचना देने पहुंची तो छात्रा की मौत की खबर सुनकर मां भागीरथी देवी ने अपना आपा खो दिया।
रो-रोकर वह कहने लगीं कि कोई मेरी मिस वर्ल्ड को ले आओ, अभी उसे मिस वर्ल्ड बनना था। आरती हंसमुख और मिलनसार व्यवहार के चलते गांव में सबकी चहेती थी। उधर, सूचना पाकर संयुक्त चिकित्सालय मोर्चरी के बाहर कई एबीवीपी कार्यकर्ता और महाविद्यालय के छात्र पहुंच गए थे। लोगों ने बताया कि करीब छह माह महीने पहले ही आरती एक प्रतियोगिता में मिस रामनगर चुनी गई थी। प्रतियोगिता में वह मिस कुमाऊं रनरअप भी रही थी।