सितारगंज। विवाह समारोह में दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों ने शराब पीकर हंगामा काटा। इससे मामले तूल पकड़ लिया और दुल्हन के शादी करने से इन्कार करने पर बारातियों को बैरंग लौटना पड़ा।
सोमवार रात बाईपास कालोनी में रुद्रपुर से एक बारात आई थी। यहां शराब के नशे में धुत कुछ बारातियों ने हंगामा खड़ा कर दिया, जो वधू पक्ष को नागवार गुजरा। बात बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
इस पर दुल्हन ने दूल्हे के साथ सात फेरे लेने से मना कर दिया। मामला कोतवाली पहुंचा, जहां दोनों पक्षों ने आपस में बातचीत की। काफी प्रयासों के बाद भ्ी दुल्हन के न मानने पर बारातियों को बैरंग लौटना पड़ा। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्ष आपसी समझौता करने में लगे हैं। मामले में अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।