नैनीताल। बोट हाउस क्लब के जिम ट्रेनर ने अपने ही जिम की युवतियों को अश्लील मैसेज भेज डाले। जिम में आने वाली युवतियों के नंबर लेकर ट्रेनर उन्हें आए दिन परेशान करने लगा। कुछ युवतियों ने एसएसपी जन्मेजय खंडूरी से शिकायत की। एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी को लगाया। एसओजी प्रभारी दिनेश पंत ने शनिवार शाम आरोपी को नैनीताल से धर दबोचा और मल्लीताल पुलिस के हवाले कर दिया। देर रात तक मल्लीताल पुलिस आरोपी से पूछताछ करती रही।
एसओजी प्रभारी पंत ने बताया कि एसएसपी को फोन पर सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति आए दिन अश्लील मैसेज भेज कर नैनीताल की युवतियों को परेशान कर रहा है। एसएसपी ने हल्द्वानी कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करवाया और आरोपी को पकड़ने के लिए एसओजी को लगा दिया। लंबे समय तक जांच के बाद पता चला कि आरोपी नैनीताल का निवासी है। पुख्ता सबूत मिलने के बाद एसओजी ने शनिवार शाम को नैनीताल क्लब वार्ड कॉमर्शियल बिल्डिंग निवासी चंचल वर्मा को गिरफ्तार कर मल्लीताल पुलिस के हवाले कर दिया। जहां उससे पूछताछ की गई। चंचल ने कबूला कि वह नैनीताल बोट हाउस क्लब में जिम ट्रेनर है। यहां आने वाली युवतियों के नंबर लेकर वह उन्हें अश्लील मैसेज भेजता था। देर रात तक आरोपी मल्लीताल थाना पुलिस की हिरासत में था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही थी।
जिम ट्रेनर ने कई युवतियों को परेशान किया
एसएसपी के निर्देश पर एसओजी ने आरोपी कोे गिरफ्तार किया, आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज