नैनीताल। गाड़ी टकराने पर पुलिस कर्मी और दिल्ली के पर्यटक में बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर पुलिस कर्मी पर्यटक से मारपीट कर चाबी निकाल ले गया। बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी होने से माल रोड पर जाम लग गया। तल्लीताल पुलिस पर्यटक को अपने साथ थाने ले गई तो मौके पर मौजूद अन्य पर्यटकों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर सीओ सिटी विजय थापा ने थाने पहुंच कर पर्यटकों को शांत किया।
दिल्ली निवासी आरिफ सिद्दीकी ने बताया कि वह तीन दिन पहले घूमने नैनीताल आए थे। शनिवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे फॉर्चूनर गाड़ी से वापस जा रहे थे। इसी बीच माल रोड पर एक पुलिस कर्मी की बाइक कार से टकरा गई। इससे गुस्साए पुलिस कर्मी ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद भी पुलिस कर्मी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह उनकी चाबी निकाल कर अपने साथ ले गया। गाड़ी खड़ी हो जाने से काफी देर तक जाम लगा रहा। आरिफ ने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि तल्लीताल थानाध्यक्ष ने भी उनकी बात नहीं सुनी। उन्होंने 100 नंबर पर कॉल करने का प्रयास किया, लेकिन नंबर नहीं लगा। लगभग एक घंटे बाद एसओ तल्लीताल प्रमोद पाठक मौके पर पहुंचे और पर्यटक को अपने साथ लेकर थाने पहुंच गए। अन्य पर्यटकों ने हंगामा कर पुलिस की इस कार्रवाई को अत्याचार बताया। पर्यटकों ने कहा कि पुलिस कर्मी ने ही मारपीट की है और अब पीड़ित को ही पकड़ लिया है। बाद में अन्य पर्यटक थाने भी पहुंचे और आरिफ को छोड़ने की मांग की। इसी बीच सीओ सिटी विजय थापा थाने पहुंच गए। सीओ ने काफी देर तक पर्यटक से बातचीत की। इस पूरी घटना के दौरान पर्यटक के बच्चे और पत्नी गाड़ी में परेशान होते रहे। एसओ प्रमोद पाठक ने बताया कि पर्यटक को समझा कर थाने से जाने दिया गया है। मारपीट नहीं हुई, सिर्फ कहासुनी हुई थी।