रामनगर (नैनीताल)। सोमवार की देर रात्रि अज्ञात जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर दो यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर उनसे हजारों रुपये की नगदी के अलावा उनके बैग व मोबाइल लूट लिये। बेहोशी की हालत में दोनो यात्रियोें के रामनगर पहुंचने पर जीआरपी की सूचना पर पुलिस ने उन्हें संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनो युवकों को छुट्टी दे दी।
हल्द्वानी इंद्रानगर निवासी मुनीर खान (18) पुत्र मोहसिन खान चंडीगढ़ में कार्यरत था। मुनीर चंडीगढ़ से वाया दिल्ली होते रेल से हल्द्वानी जा रहा था। इसी बीच मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर उसे एक अज्ञात व्यक्ति ने नशीला बिस्कुट खिला दिया जिससे वह बेहोश हो गया। मुनीर के अचेत होते ही बदमाश उसकी जेब में रखे सात हजार रुपये, बैग व मोबाइल लेकर चंपत हो गया। दूसरे मामले में दिल्ली से अपने घर भगतपुर जिला मुरादाबाद आ रहे मुर्तजा अली (25) पुत्र मुन्ने हनीफ को भी दो अज्ञात बदमाशों ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर ही नशीला पेय पिलाकर अचेत कर दिया। मुर्तजा के पास से जहरखुरान गिरोह के लोग उसका बैग, मोबाइल, जेब में रखी आठ हजार की नगदी लेकर फरार हो गए। युवक अचेत अवस्था में ही रेल में पड़े-पड़े रामनगर पहुंच गए, जहां पर जीआरपी ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने दोनों युवकों को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया और उनके परिजनों की इसकी जानकारी दी।