हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस ने रेलवे फाटक राजपुरा जाने वाले मार्ग पर सोमवार की रात स्मैक के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। भोटियापड़ाव पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक दिनेश जोशी, सिपाही हरीश आर्या, अजहर, संतोष सोमवार रात गश्त कर रहे थे। इस बीच दो युवक पुलिस को देखते ही रेलवे फाटक राजपुरा पार कर भागने लगे। पुलिस ने युवकों को दौड़ाकर गोलचा कंपाउंड के पास पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास करीब तीन ग्राम स्मैक मिली। पूछताछ में पता चला कि वह किच्छा से स्मैक खरीदकर बेचने के लिए लाए थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनका एनडीपीएस एक्ट के तहत चालान किया। पकड़े गए लोगों में पिथौरागढ़ जिले के कुमौड़ निवासी मनोज कन्याल, हाइडिल गेट काठगोदाम निवासी मोहित चौहान शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया। अदालत के निर्देश पर पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है। दोनों नशेड़ी बताए गए हैं। मोहित पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी में गिरफ्तार हो चुका है।