नैनीताल। तीन दिन निगरानी के बाद तल्लीताल पुलिस ने एक स्मैक तस्कर और पांच नशेड़ी किशोरों को हिरासत में ले लिया। स्मैक तस्कर को जेल भेज दिया गया है जबकि पांचों किशोरों को दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी देकर परिजनों के हवाले कर दिया गया।
तल्लीताल थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक, एसआई मनोज सिंह, राजाराम, शिवराज राणा ने छह लोगों को स्मैक बेचने और रखने के आरोप में हिरासत में लिया। पुलिस हिरासत में स्मैक तस्कर ने अपना नाम अभिषेक साह निवासी माल रोड बताया। एएसपी हरीशचंद्र सती ने बताया कि आरोपी को 4.94 ग्राम स्मैक के साथ हनुमान गढ़ी के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को धारा एनडीपीएस के तहत मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा जा रहा है। केस की विवेचना एसआई रेवती पंत करेंगी। उन्होंने बताया कि आरोपी लगभग दो महीने से तस्करी कर रहा था। वह हल्द्वानी से स्मैक खरीद कर लाने और नगर में बेंचने की बात कह रहा है। आरोपी के पिता नहीं हैं, वह नगर में अपनी बहन के साथ रहता है।
-आरोपी ने कहा कई तस्कर हो गए फरार-
आरोपी अभिषेक ने थाना तल्लीताल में बताया कि उसके साथ पांच अन्य तस्कर काम करते हैं, लेकिन वह पुलिस के आने से पहले फरार हो गए। एएसपी ने बताया कि आरोपी अभिषेक से कई बड़े तस्करों के नाम पता चले हैं। जल्द ही बड़े तस्करों पर शिकंजा कसा जाएगा।