छात्रा को चौथी मंजिल से फेंकने का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
नैनीताल। रेप का मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाने को आरोपी पड़ोसी शनिवार सुबह पीड़िता के घर पहुंचकर गाली-गलौच करने लगे। इस दौरान संस्कृत की परीक्षा देने के लिए जा रही रेप पीड़िता हाईस्कूल की 16 वर्षीय छात्रा घर की चौथी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पिता ने 10-12 पड़ोसियों पर चौथी मंजिल से छात्रा को फेंकने का आरोप लगाया है। हालांकि प्रत्यक्षदर्शी झगड़ा होने की बात तो स्वीकार रहे हैं लेकिन छात्रा के खुद छत से कूदने की बात कह रहे हैं। बीडी पांडेय जिला अस्पताल में भी छात्रा की हालत में सुधार न होने पर उसे हल्द्वानी रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार छात्रा की रीढ़ की हड्डी और जबड़े में गंभीर चोट है।
परिजनों ने बताया कि लगभग आठ महीने पहले पड़ोस का ही एक युवक उनकी बेटी को उठाकर जंगल में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया था। युवक पर रेप और अपहरण का मुकदमा कोर्ट में चल रहा है। मुकदमे को वापस लेने के लिए आरोपी परिवार लगातार दबाव बना रहा है। शनिवार सुबह भी आरोपी परिवार के 10-12 लोग घर में घुस आए और गाली-गलौच और झगड़ा शुरू कर दिया। खुद को बचाने के लिए छात्रा घर की चौथी मंजिल पर चढ़ गई। आरोपी भी उसके पीछे-पीछे छत पर पहुंच गए और छात्रा को छत से फेंक दिया। उधर, सूचना पर पहुंचे एएसपी हरीशचंद्र सती ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लड़की की हालत गंभीर, हल्द्वानी रेफर, मोहल्ले वालों ने कहा-खुद छत से कूदी
परिजनों का आरोप रेप का मुकदमा वापस नहीं लेने पर आरोपियों ने बोला हमला
उलझी कहानी
मोहल्ले वालों का कहना है कि छात्रा खुद छत से कूदी है। शनिवार सुबह छात्रा और युवक पक्ष के बीच झगड़ा होने की बात मोहल्ले वाले स्वीकार कर रहे हैं, लेकिन छात्रा को फेंकने की बात से इनकार कर रहे हैं। ऐसे में छात्रा खुद कूदी या फिर उसे छत से फेंका गया यह सवाल पहेली बनकर रह गया है।
आरोपी पक्ष भी छात्रा के परिजनों पर मुकदमा दर्ज करा चुका है
छात्रा और आरोपी युवक पक्ष में रंजिश नई नहीं है। दोनों पक्षों में रंजिश की चिंगारी पिछले आठ महीने से सुलग रही है। छात्रा पक्ष ने युवक पर बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद युवक पक्ष ने भी छात्रा पक्ष के कई लोगों पर मारपीट आदि धाराओं में केस दर्ज करवा दिया। दोनों पक्ष जेल तक जा चुके हैं। लोगों के मुताबिक इस बीच बीते 15 दिन से लगातार झगड़े हो रहे थे। कई लोगों ने बीच बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन विवाद नहीं सुलझ सका।