लालकुआं (नैनीताल)। बंगाली कॉलोनी निवासी महिला ने पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार युवक पर अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप लगाया है। उसे पूरी रात बंधक बनाने के बाद दुराचार करने का भी आरोप है। पुलिस ने अपहरण, बलात्कार, पॉक्सो समेत विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
राजीवनगर बंगाली कॉलोनी क्षेत्र की महिला ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि सात मार्च शाम चार बजे जब वह मजदूरी कर अपने घर पहुंची तो उसकी 14 वर्षीय पुत्री लापता थी। पड़ोसियों से पूछताछ करने पर पता चला कि उसे पड़ोस में रहने वाला थाना फतेहगंज जिला बरेली उत्तर प्रदेश के ग्राम तारा गोटिया निवासी राजू पाल अपहृत कर ले गया था। उसने और उसके परिजनों ने रातभर किशोरी की तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं लग सका। बृहस्पतिवार शाम चार बजे राजू उसकी नाबालिग पुत्री को वन विकास निगम के डिपो संख्या चार के पास छोड़कर फरार हो गया। वह लोग रोती-बिलखती पुत्री को लेकर घर आए तो पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया है। महिला ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। युवक पीड़िता के पड़ोस में ही किराए पर रहता था। वह उनका दूर का रिश्तेदार भी है। पुलिस ने मामले में आईपीसी की धारा 363, 376, 3/4 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उपनिरीक्षक राकेश कठायत को मामले की तफ्तीश सौंपी गई है। पीड़िता को मेडिकल के लिए हल्द्वानी चिकित्सालय भेजा गया है। कोतवाल रवि कुमार सैनी का कहना है कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम बरेली भेजी गई है।