बाजपुर। केलाखेड़ा से चोरी हुई गेहूं से भरी ट्रैक्टर ट्राली सहित अन्य ट्रैक्टर चोरियों के मामले में पुलिस को बृहस्पतिवार को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को बन्नाखेड़ा मार्ग से एक ट्रॉली भी मिली है।
सोमवार रात केलाखेड़ा मेन रोड स्थित एक पेट्रोल पंप से गांव हरिपुरा नंबर चार निवासी किसान गुरमीत सिंह की गेंहू से भरी ट्रैक्टर-ट्राली चोरी हो गई थी। चोरी की तहरीर थाने में दी गई थी।
सूत्रों के अनुसार चोरियों के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। चोर गिरोह को पकड़ने के लिए बाजपुर और केलाखेड़ा पुलिस टीम ने यूपी के रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर और चंदौसी क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिशें दी हैं।
कई संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस की एक टीम यूपी क्षेत्र में डेरा डाले हुए है। इधर, सीओ एमसी बिन्जौला ने ट्राली मिलने ओर चोर गिरोह के बारे में कुछ भी बताने से इनकार किया है। ब्यूरो