सितारगंज में अवैध खनन में सीज किया गया ट्रक चोरी होने के मामले में पुलिस ने ट्रक को अमरिया रोड पर एक ढाबे के पास से बरामद कर लिया। मामले में ट्रक में सवार मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
बीती एक मार्च की दोपहर करीब एक बजे पुलिस ने ओवरलोड अवैध उपखनिज लेकर आ रहे ट्रक (यूपी 25 सीटी 2181) को पुलिस ने पकड़कर सीज करते हुए मंडी समिति परिसर ले जाकर खड़ा कर दिया था। कुछ देर बार चालक शाकिर और हेल्पर रूप किशोर ट्रक लेकर फरार हो गए। हेड मोहर्रिर जितेंद्र कुमार जब परिसर में वाहनों की गिनती करने पहुंचे तो उक्त ट्रक गायब था। हेड मोहर्रिर की तहरीर पर केस दर्ज होने पर मामले की जांच सरकड़ा चौकी इंचार्ज जावेद मलिक को सौंपी गई। मुखबिर की सूचना पर चौकी इंचार्ज टीम के साथ अमरिया मार्ग स्थित न्यू जनता ढाबे के पास पहुंचे तो ट्रक वहां खड़ा मिला। पुलिस ने ट्रक में बैठे मालिक ग्राम टांडा छांगा थाना शीशगढ़ जिला रामपुर निवासी अकील अहमद को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चालक गांव के ही शाकिर और हेल्पर रूप किशोर मौके से फरार हो गए। ट्रक मालिक को धारा 379, 411 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। ब्यूरो