किच्छा में प्रिया शर्मा व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली में फर्जी कागजात के आधार पर बिजली कनेक्शन लेने का मुकदमा केसर शुगर वर्कर्स की ओर से दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
केसर शुगर वर्कर्स बहेड़ी के अपर महाप्रबंधक एएम गर्ग ने एसएसपी को दिए पत्र में बताया कि उनकी फर्म की खाता संख्या 223 रकबा 4.9036 जमीन ग्राम बंडिया में है। बताया कि इस जमीन की बिक्री हेतु उनकी कंपनी के अध्यक्ष सतीश मोहन शर्मा व मैसर्स अलाईड इन्फ्रा प्लस एंड अदर्स रुद्रपुर की डायरेक्टर प्रिया शर्मा से एक मेमोरंडम आफ अंडर स्टेडिंग दिनांक 21 अक्तूबर 2016 को हुआ था। बताया कि यह क्रेता द्वारा शर्तें पूरी ना करने के कारण एक मार्च 2017 को निरस्त हो गया था।
इस बीच इस भूखंड पर प्रिया शर्मा व गोपाल नामक व्यक्ति ने एसडीओ के यहां पर बिजली कनेक्शन लेने के लिये आवेदन किया गया। यह बिजली कनेक्शन केसर इंटरप्राईजेज के सतीश मोहन शर्मा के नाम से दिया गया। इस पर सतीश मोहन शर्मा के फर्जी हस्ताक्षर बनाए गए। सतीश शर्मा की फोटो भी व्हाट्स एप से निकाल ली। इस बात की जानकारी होने पर सतीश शर्मा ने एसडीओ के समक्ष प्रस्तुत होकर जब शपथ पत्र दिया तो कनेक्शन विच्छेदित कर दिया गया। यह कनेक्शन पूरी तरह फर्जी तरीके से किया गया।
कोतवाल मोहन चंद पांडे ने बताया कि प्रिया शर्मा व गोपाल के खिलाफ धारा 419,420,467,468 व 471 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। उन्होने बताया कि तफ्तीश में अगर विद्युत विभाग की मिलीभगत पाई गई तो विभाग कर्मियों को भी नामजद किया जाएगा।