नैनीताल। कालाढूंगी स्थित वार्ड नंबर पांच के सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान में राशन की कालाबाजारी करने की शिकायत जिला व पुलिस के अधिकारियों से किए जाने के बाद राशन डीलर द्वारा शिकायतकर्ता को झूठे मुकदमे में फंसाए जाने की धमकी दी गई है। शिकायत कर्ता ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन में शिकायतकर्ता मो. सफी निवासी वार्ड नंबर पांच कालाढूंगी ने कहा कि 6 फरवरी 2018 को राशन विक्रेता तीन बोरे गेहूं अवैध रुप से कुछ दुकानदारों को बेचने के लिए ले जा रहा था। इस बारे में टोकने पर राशन विक्रेता ने धमकी दी।
जब उसने मामले की जानकारी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को दी तो राशन विक्रेता उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। उसने मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाने के साथ ही आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।