बाजपुर। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक से लिए कृषि यंत्र ऋण मामले में सीबीआई की ओर से करीब 19 किसानों को समन जारी किए गए हैं। किसानों को 30 जनवरी को देहरादून सीबीआई कार्यालय में पेश होना था।
उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के स्थानीय शाखा प्रबंधक योगेंद्र पाल ने बताया कि 2013-14 में बाजपुर स्थित उत्तराखंड ग्रामीण बैंक से क्षेत्र के करीब 19 किसानों ने एक करोड़ से अधिक का ऋण लिया था। नोटिस भेजने के बाद भी किसानों ने ऋण की किस्तें जमा नहीं कीं।
वहीं किसानों का कहना है कि उन्होंने ऋण लिया ही नहीं है। मामला बैंक मुख्यालय पहुंचा। उच्चाधिकारियों के निवेदन पर मामले की सीबीआई जांच शुरू हुई। प्रारंभिक जांच में किसानों के ऋण लेने की पुष्टि हुई। इस पर बैंतखेड़ी निवासी विनोद, शमशेर सिंह और लच्छू सिंह सहित 19 किसानों को सीबीआई की ओर समन जारी कर 30 जनवरी को देहरादून कार्यालय में पेश होने को कहा था।
गांव उझानी जंगल निवासी किसान वीर सिंह ने गिरफ्तारी पर कोर्ट से स्टे भी लिया है। शाखा प्रबंधक के अनुसार किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड ओर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर ऋण तत्कालीन बैंक के ब्रांच मैनेजर रामअवतार दिनकर के कार्यकाल में दिया गया था। चर्चा है कि मंगलवार को तीन किसान सीबीआई कार्यालय देहरादून पहुंचे थे, जिनसे पूछताछ हुई है।