नैनीताल। प्राइवेट बस और फार्च्यूनर गाड़ी के टकराने के बाद फौजी और बस संचालकों में मारपीट हो गई। बस परिचालक ने लूट तो फौजी ने मारपीट कर नाक की हड्डी तोड़ने का आरोप लगाया है। लूट की सूचना से मल्लीताल पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि दोनों पक्ष थाने गए हैं। थाने में एक घंटे तक दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगाते रहे, बाद में समझौता हो गया।
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के निवासी पल्लव कुमार बृहस्पतिवार को अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ सरोवर नगरी घूमने आए थे। दोपहर लगभग तीन बजे खुर्पाताल के पास पल्लव की फार्च्यूनर गाड़ी एक प्राइवेट टूरिस्ट बस से टकरा गई। पल्लव ने बस चालक और कंडक्टर से दस हजार रुपये बतौर हर्जाना मांगे तो विवाद बढ़ने लगा और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। बस यूनियन के लोग भी मौके पर पहुंच गए। फौजी पल्लव बस कंडक्टर राजा को अपनी गाड़ी में बैठाकर कुछ दूर तक ले गए और फिर उतार दिया। बाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोपों की बौछार कर दी। एक घंटे तक दोनों पक्षों के बीच कोतवाली में विवाद होता रहा। बाद में दोनों पक्षों में अपनी-अपनी गाड़ी खुद ठीक करा लेने पर सहमति बनी। कोतवाल विपिन पंत ने बताया कि दोनों पक्षों में लिखित फैसला हो जाने के बाद उन्हें जाने दिया गया है।