रामनगर (नैनीताल)। तराई पश्चिमी वन प्रभाग की रामनगर रेंज के वन कर्मियों ने क्षेत्र में गश्त के दौरान बाइक पर अवैध रूप से खैर के नौ गिल्टे ले जाते हुए दो लोगों को पकड़ लिया। गिल्टों की कीमत 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग की बैलपड़ाव रेंज के रेंजर संतोष पंत ने बताया कि फॉरेस्टर नंदन सिंह रजवार और वॉचर रसपाल सिंह क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी बीच जुड़का बीट में दो बाइक सवार आते दिखाई दिए, बाइक के पीछे एक कट्टा बंधा हुआ था। शक होने पर वन कर्मियों ने बाइक को रोक लिया। तलाशी लेने पर कट्टे से नौ गिल्टे बरामद हुए। वन कर्मियों ने बाइक और गिल्टों को कब्जे में ले लिया। पकड़े गए आरोपी तुमड़िया डाम मालधन चौड़ निवासी सतनाम सिंह और मनजीत सिंह को हिरासत में लेकर वन अपराध की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।