हल्द्वानी/हल्दूचौड़। रामपुर रोड पर ट्रक से कुचलकर एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही ट्रक कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
लालकुआं थाना क्षेत्र के ग्राम हल्दूचौड़ बमेठा बंगर निवासी कुंदन सिंह (55) पुत्र किशन सिंह रामपुर रोड स्थित नैनीताल मोटर्स में गार्ड की नौकरी करता था। शुक्रवार सुबह वह ड्यूटी कर साइकिल से घर लौट रहा था। वह रामपुर रोड स्थित पंचायत घर से आगे पहुंचा था कि सामने से आ रहे ट्रक (यूके04-सीए-1724) ने उसे टक्कर मार दी। इससे कुंदन सिंह ट्रक के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर टीपी नगर चौकी इंचार्ज सुशील कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के पास मिले दस्तावेजों से उसकी शिनाख्त कर परिजनों को हादसे की सूचना दी। साथ ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा दिया। इधर परिजनों ने देर शाम कुंदन सिंह का राजपुरा स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। कुंदन सिंह के ज्येष्ठ पुत्र वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
ट्रक से कुचल कर सुरक्षा गार्ड की मौत