रामनगर (नैनीताल)। सालभर बाद भी रिंकू हत्याकांड का खुलासा नहीं हो सका है। इससे आक्रोशित वाल्मीकि समाज ने बृहस्पतिवार को एसडीएम परितोष वर्मा को ज्ञापन सौंपकर खुलासे की मांग की।
बृजेश उर्फ रिंकू के परिजनों समेत वाल्मीकि समाज ने बृहस्पतिवार को काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। वह जुलूस के रूप में सीओ और एसडीएम कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने एसडीएम परितोष वर्मा को ज्ञापन सौंपा। बताया कि चार दिसंबर 2016 को बेरहमी से पत्थरों से सिर कूचकर मोहल्ला खताड़ी निवासी बृजेश उर्फ रिंकू की हत्या हुई। अगले दिन उसका शव रेलवे क्रॉसिंग के पास झाड़ियों में मिला था। उसके पिता रतन लाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बावजूद आरोपी नहीं पकड़े गए। न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी उसके घर पहुंचा और न ही परिजनों को आर्थिक मदद मिली। इससे वाल्मीकि समाज में रोष व्याप्त है। जॉन मसीह ने प्रशासन की लापरवाही, कार्यप्रणाली की निंदा की। एसडीएम वर्मा का कहना है कि पुलिस प्रशासन के नजरों में समाज के सभी वर्ग समान हैं। जल्द ही बैठक कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान विकास लाल, रोहित, वरुण, राजीव शर्मा, सुशील, शुभम उत्तम, लक्की आदि थे।