नानकमत्ता। सिडकुल में काम करने वाली सहकर्मी युवती को धोखे में रख युवक ने शादी कर ली। युवती को जब युवक की पहली पत्नी के बारे में पता चला तो उसने इसका विरोध किया। इस पर युवक ने उसे मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। गर्भवती युवती ने पुलिस को तहरीर दी। इस पर पुलिस ने बलात्कार सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पीलीभीत निवासी युवती ने थाना पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि दो वर्ष पूर्व वह सिडकुल सितारगंज में कार्य करने आई थी। काम के दौरान ग्राम चीतलबाग सरौंजा थाना नानकमत्ता निवासी गुरमीत सिंह पुत्र बलवीर सिंह से उसकी पहचान हो गई। गुरमीत ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए उससे शादी कर ली। इसी दौरान उसे पता चला की गुरमीत पहले से ही विवाहित है।
जब उसने इस बात का विरोध किया तो गुरमीत ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। बताया कि वह गर्भवती है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 494 व 376 के तहत मुकदमा दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।