रामनगर में पकड़ा गया संदिग्ध शिकारी
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट नेशनल पार्क में शिकारियों की घुसपैठ से पार्क प्रशासन में हड़कंप मचा है। एक शिकारी को पकड़कर उससे पूछताछ की जा रही है लेकिन वह बयान बदल रहा है। इस कारण उसके फरार साथियों का पता नहीं चल सका। उसका आपराधिक इतिहास जुटाने के लिए एसओजी टीमें पंजाब भेजी जाएंगी।
बिजरानी रेंज के वनकर्मियों ने बुधवार शाम सेमलचौड़ वन चौकी के पास शिकारी को पकड़ा। वह पंजाबी में बोल रहा था। उसने अपना नाम जिला फतेहगढ़ पंजाब के मंडी गोविंदग्रह निवासी शुभम वाल्मीकि बताया। बताया कि वह कोटद्वार रोड की आवासीय बस्ती के पास से पार्क क्षेत्र में घुसा था। उसके पास फिनाइल भी मिला था। वह अपने साथियों की संख्या कभी तीन तो कभी चार बता रहा है। इनकी तलाश में कांबिंग की जा रही है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया। अब उसे रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक सुरेंद्र मेहरा ने बताया कि आरोपी के पते पर एसओजी की टीमें भेजी जा रही हैं। उसका आपराधिक इतिहास जुटाया जाएगा। किसी भी विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए कार्बेट प्रशासन मुस्तैद है।