खोराबार के डांगीपार उपधौली गांव में कच्ची शराब का विरोध करने पर महिलाओं और बच्चों पर धंधेबाजों ने हमला कर दिया। इसमें तीन महिला और बच्चे को चोट लगी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने धंधेबाजों के घर दबिश दी है।
जंगल अयोध्या प्रसाद और डांगीपार गांव के टोला उपधौली में कच्ची शराब के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया था। अब वहां पर दूसरी जगह से शराब लाकर बेचा जा रहा है। शुक्रवार को इसकी भनक लगते ही गांव की महिलाएं और बच्चे शराब बेचने वाले के घर पहुंच र्गइं और वहां पर विरोध प्रदर्शन करने लगीं। शराब न बेचने को कहा तो धंधेबाजों ने हमला कर दिया। मारपीट में राम अशीष की पत्नी ज्ञानमति, जिलेबा देवी, अंशिका और शैलेंद्र को चोट लगी है। ग्रामीण इसकी सूचना पुलिस को देकर घायलों को इलाज के लिए पीएचसी खोराबार लेकर गए। डॉक्टरों ने ज्ञानमति की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
खोराबार इंस्पेक्टर गिरिजेश तिवारी का कहना है कि जंगल अयोध्या प्रसाद और डांगीपार के उपधौली में कच्ची शराब को बंद कराया गया था। कुछ दिनों से गैलन में शराब लाने की सूचना मिली है। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।