खटीमा। शादी के बाद नकदी और जेवर समेटकर फरार होने वाली दुल्हन को उसके तीन साथियों के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
एंटी ह्यूमन ट्रेफिकिंग सेल शारदा बैराज बनबसा की प्रभारी मंजू पांडे को बनबसा के एक मुखबिर ने क्षेत्र में एक गिरोह के सक्रिय होने की सूचना दी। बताया कि यह गिरोह शादी का झांसा देकर ठगी करता है। बताया कि गिरोह के सदस्य पहले लोगों से लड़की की शादी की बात तय करते और शादी के बाद दुल्हन बनी लड़की सामान समेटकर फरार हो जाती है।
इस पर टीम ने आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछाया। टीम के दो सदस्यों ने आरोपियों से शादी के लिए लड़की की बात की। बात तय होने पर आरोपियों को दस अगस्त को चकरपुर वनखंडी मंदिर के पास बुलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस चारों को अपने साथ बनबसा थाने ले गई। घटना स्थल यहां का होने के कारण शुक्रवार को आरोपियों को कोतवाली लाया गया। पुलिस ने धारा 420, 120 बी, 34 आईपीसी के तहत रजवंत कौर निवासी कलेक्टर फार्म, गुरमीत कौर उर्फ माया कौर उर्फ काली निवासी दहला थाना नानकमत्ता, आरती कपूर उर्फ ज्योति उर्फ पूजा निवासी विष्णुपुरी टनकपुर, सतनाम सिंह निवासी कलेक्टर फार्म को जेल भेज दिया।