रामनगर (नैनीताल)। हल्दुआ बैरियर में पुलिस टीम पर बदमाशों की फायरिंग और एक बदमाश के पकड़े जाने के बाद पुलिस हरकत में आई है। बदमाश ने जो चौंकाने वाले खुलासे किए हैं उससे पुलिस की नींद उड़ी हुई है। पता चला है कि बदमाश बाइक और कार चोरी कर उसी से वारदात करते हैं। चार अन्य बदमाशों की धरपकड़ के लिए एसओजी सहित जिले के तेज तर्रार सिपाहियों की टीम पंजाब रवाना की गई है।
पुलिस के हत्थे चढ़े केनाल कालोनी, कपूर थाना चौक नंबर दो जिला जालंधर निवासी करन थापर ने अब नया खुलासा किया है कि उनके गैंग में वाहन चोर गिरोह भी शामिल है। इस गैंग में वाहन चोर भी शामिल है जो जगह-जगह से वाहन चोरी कर उन्हें मुहैया करता है। इसी गैंग ने दिल्ली से एक बाइक और कार चोरी की थी। हालांकि पुलिस अभी उस युवक की तलाश नहीं कर पाई है जिसे बदमाशों को रामनगर के किसी धनाढ्य व्यक्ति की सूचना देनी थी। अब पीरूमदारा के उन लोगों की कुंडली खंगाली जा रही है जो चार-पांच साल के अंतराल में जेल में बंद रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इस गैंग के तार कहां-कहां जुड़े हैं जल्द ही इसका भी खुलासा हो जाएगा। दावा यह भी किया जा रहा है कि दो अभियुक्तों तक टीम पहुंच गई है। जल्द ही उन्हें धर दबोचा जाएगा।
शान के लिए रखे असलहों पर बदमाशों की नजर
पकड़े गए बदमाश करन थापर ने पुलिस को बताया कि ऊधमसिंह नगर में ज्यादातर लोग शान के लिए असलहा अपने पास रखकर चलते हैं। रेकी के दौरान पाया गया कि वह आत्मसुरक्षा के लिए कम बल्कि दिखावा करने के लिए ऐसा करते हैं। उनके असलहों को आसानी से लूटा जा सकता है। उनका गैंग असलहा लूट की योजना पर काम कर रहा था। अच्छे असलहों पर नजर थी जिससे वारदात के समय कोई दिक्कत न हो।
बाहरी लोग बिगाड़ रहे हैं पीरूमदारा की फिजा
बदमाशों ने पीरूमदारा के एक युवक को अपना मुखबिर बताया तो वहां के लोग हरकत में आ गए। उन्होंने बद्री विहार प्रथम माता मंदिर के मैदान में बैठक कर इस बात पर चिंता जताई कि शांत माने जाने वाले इस गांव में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने की मांग की।
पर्वतीय प्रगतिशील सांस्कृतिक सेवा समिति के बैनर तले जमा हुए ग्रामीणों ने पीरूमदारा चौकी प्रभारी राहुल राठी को बताया कि शाम के समय यहां सभी कालोनियों में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। फेरी वाले भी बिना सत्यापन के घूम रहे हैं। यहां काशीपुर, मुरादाबाद, टांडा आदि से रोजाना मजदूर आते हैं। महिलाओं ने कहा कि सुरक्षा बड़ा सवाल है। चौकी प्रभारी राठी ने कहा कि संदिग्ध व्यक्ति नजर आने पर इसकी सूचना तुरंत चौकी पर दें और अपने घरों के बाहर बढ़ रही घास को काटें। रात में घरों के आगे लाइट जला कर रखें। किरायेदारों के सत्यापन भी कराएं। बैठक की अध्यक्षता हरीश चंद्र सनवाल और संचालन पूर्ण शाह ने किया। इस मौके पर ममता जोशी, आनंदी पंत, विनीता रावत, सुरमा देवी, शांति बिष्ट, पुष्पा रावत, सरिता बिंजोला, शशि रावत, गोपाल सिंह, मनोज बधानी, मोहन राम, जीवन बिष्ट आदि मौजूद रहे।