हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव की रंजिश को लेकर मंगलवार को एमबी डिग्री कॉलेज में बखेड़ा हो गया। छात्र संघ अध्यक्ष गौरव कोरंगा और हारे हुए प्रत्याशी एनएसयूआई के हिमांशु बिष्ट के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में हिमांशु सहित दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया। एबीवीपी और एनएसयूआई के पुराने नेताओं के हस्तक्षेप करने पर कोतवाल ने हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ दिया लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बरकरार है।
छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव कोरंगा का कहना था कि मंगलवार की दोपहर हिमांशु बिष्ट और रक्षित बुलेट से कॉलेज में आए और साइलेंसर की आवाज तेज करने लगे। कालेज के स्टाफ ने उन्हें ऐसा न करने को कहा था आरोप है कि वे नहीं माने। इसी बात को लेकर एनएसयूआई और एबीवीपी समर्थक आमने-सामने हो गए। एक पक्ष ने एनएसयूआई के हिमांशु बिष्ट और उसके साथी सुदर्शन परमार को पीट दिया। मारपीट के चलते कॉलेज में हंगामा खड़ा हो गया। इस बीच पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी भी अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए। हंगामा बढ़ने पर भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी ने पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी और देवेंद्र बिष्ट को हिरासत में ले लिया। पूछताछ से पता चला कि मतदान के दिन हिमांशु बिष्ट और छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव कोरंगा में मारपीट हो गई थी। इसी बात को लेकर दोनों में तनातनी चल रही थी। उस समय पुलिस ने हिमांशु बिष्ट को सुरक्षा में घर भेज दिया था।
छात्र संघ अध्यक्ष और हारे हुए प्रत्याशी एनएसयूआई के हिमांशु बिष्ट में हाथापाई
हिमांशु सहित दो घायल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष समेत दो को हिरासत में लिया
दोनों संगठनों के नेता कोतवाली पहुंचे
हल्द्वानी। बखेड़े के बाद छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव कोरंगा, प्रमोद बोरा और एनएसयूआई के वीरेंद्र रावत कई छात्रनेता कोतवाल विक्रम राठौर के पास पहुंचे। दोनों तरफ के छात्रनेताओं के हस्तक्षेप करने पर कोतवाल ने हिरासत में लिए गए देवेंद्र सिंह नेगी और देवेंद्र सिंह बिष्ट को छोड़ दिया।
तनाव को देखते हुए तैनात रहेगी पुलिस
हल्द्वानी। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए डिग्री कॉलेज में प्रतिदिन फोर्स तैनात रहेगी। यदि छात्र फिर हंगामा करेंगे तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
घायलों के आने से पहले हो गया समझौता
हल्द्वानी। मारपीट की घटना के बाद भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया था। जब तक घायल हिमांशु बिष्ट और सुदर्शन परमार अपना इलाज कराकर कोतवाली पहुंचते कोतवाल ने हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ दिया। दोनों घायल तहरीर लेकर कोतवाली से लेकर भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी का चक्कर काटते रहे। चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी का कहना है कि इस मामले में कोतवाल ही निर्णय करेंगे। जबकि कोतवाल विक्रम राठौर का कहना था कि पुलिस तहरीर लेकर घटना की जांच कर रही है।