रानीखेत (अल्मोड़ा)। तहसील के एक गांव में चाचा द्वारा अपनी 11 वर्षीय भतीजी के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। बताया गया है कि सोमवार की देर शाम बालिका अपने घर से कुछ दूरी पर रह रहे दादा-दादी को पानी देने के लिए गई थी। एक दिन पूर्व उसका चाचा भी रामनगर से लौटा था वह भी दादा-दादी के कमरे में रहता है। बालिका जब पानी देकर अपने घर को लौट रही थी, इसी बीच कुछ दूरी पर चाचा ने उसे दबोच लिया और झाड़ी में ले जाकर दुष्कर्म कर दिया। बालिका की आपबीती के बाद सुबह पिता ने राजस्व पुलिस में अपने भाई के खिलाफ पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया, देर शाम राजस्व पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के पिता द्वारा दी गई तहरीर में कहा गया है कि उनका छोटा भाई रामनगर में किसी होटल में कार्य करता है। 27 मई को वह घर आया और पास के मकान में रहने वाले माता-पिता के साथ ही रहने लगा। सोमवार देर शाम साढ़े सात बजे उनकी 11 वर्षीय बेटी दादा-दादी को पानी देकर लौट रही थी, तो घर के बाहर छोटे भाई ने बालिका को दबोच लिया और पांच सौ मीटर दूरी पर सुनसान जगह पर उसके साथ दुष्कर्म कर दिया। किसी को बताने पर बालिका डराया धमकाया। रोती बिलखती बालिका ने घर पहुंचकर अपनी मां को आप बीती सुनाई। इसके बाद सुबह उन्होंने राजस्व पुलिस में इंसाफ की गुहार लगाई। इधर राजस्व पुलिस ने दोपहर में पीड़िता का मेडिकल कराया। पीड़िता ने भी दुष्कर्म करने की बात कही है। देर शाम को पुलिस ने आरोपी को गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। नायब तहसीलदार मोहन भोजक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 376 च, 323, 506 आईपीसी और 5 ड ढ:6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया है। कल आरोपी को मजिस्ट्रेट के सम्मुख पेश कर उसे जेल भेजा जाएगा।
11 साल की है पीड़िता, अकेली देख सुनसान स्थान पर दबोचा
राजस्व पुलिस ने देर शाम आरोपी को किया गिरफ्तार
दादा-दादी को पानी देकर वापस लौट रही थी बालिका
पूर्व में भी कर चुका है दुष्कर्म का प्रयास
रानीखेत। राजस्व पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से ही बालिका पर बुरी नजर रखता था, पीड़िता की मां ने बताया कि पूर्व में भी आरोपी ने कई बार पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया, लेकिन घर की बात होने की वजह से वह लोग चुप रहे, लेकिन अब पानी सिर से ऊपर उठ गया था, आरोपी बार-बार उन्हें भी गाली गलौज करता है।