नैनीताल। पिछले दिनों ओखलकांडा ब्लॉक के एक गांव में युवती के साथ हुए दुराचार के मामले में आरोपी के परिजनों ने सोमवार को एडीएम से भेंट कर पूरे मामले को झूठा बताया। उन्होंने युवक को एक साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया। उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले में युवक और उसके परिजनों के साथ न्याय करने की मांग की।
ओखलकांडा से नैनीताल पहुंचे आरोपी युवक के परिजनों ने एडीएम बीएल फिरमाल को दिए ज्ञापन में कहा है कि गांव के कुछ लोग उनसे रंजिश रखते हैं। इसी के चलते उन्होंने दुराचार की झूठी तहरीर पट्टी पटवारी को दी है। परिजनों का कहना था कि युवती से दुराचार की पुष्टि नहीं हुई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि दुराचार की झूठी रिपोर्ट लिखवाने वालों ने गांव की एक पेयजल योजना पर कब्जा किया है। 21 मई को पान सिंह उक्त पेयजल लाइन से पानी भरने गया था कि तभी कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। पान सिंह ने पट्टी पटवारी को मारपीट के मामले की तहरीर दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा 18 नवंबर को मारपीट करने वालों ने पान सिंह के खिलाफ दुराचार की झूठी एफआईआर दर्ज करा दी। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में लक्ष्मण सिंह, मोहन सिंह, रणजीत सिंह, महेंद्र सिंह, गोपुली देवी, हरुली देवी, मोती सिंह आदि थे।