हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि अभियुक्तों ने पैसा नहीं देने पर एक युवक को छत से फेंक दिया था। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
ब्यूरा टंगड़ काठगोदाम निवासी कमला सनवाल ने तहरीर में आरोप लगाया कि 31 दिसंबर 18 को उसके बेटे प्रियंक सनवाल को दमुआढूंगा निवासी जगदीश देव उर्फ जग्गा, चकलुआ निवासी महेंद्र बसेरा उर्फ बस्सी, देवखड़ी हाईडिल गेट निवासी बाबी वर्मा, ब्यूरा टंगड़ निवासी संतोष राणा उर्फ शुभम कुछ पैसों की आवश्यकता बताते हुए खानचंद मार्केट में बुलाया। बुलाने के लिए प्रियंक को उसके दोस्त जयंत रावत ने रात पौने दस बजे कॉल किया था। उस समय सभी दोस्त छत पर मौजूद थे। आरोप है कि नशेड़ी दोस्तों ने प्रियंक से पैसे की मांग की। इनकार करने पर वे प्रियंक से मारपीट करने लगे। युवक ने मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन दोस्तों ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। मरा हुआ समझकर दोस्त मौके से भाग निकले। मौके पर कुछ लोग युवक को देखकर उसे बेस अस्पताल लेकर गए। स्थिति गंभीर होने पर उसे नैनीताल रोड स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि दोस्तों ने प्रियंक के पाकेट से 2200 रुपये और मोबाइल लूट लिया था। एसएसआई विजय सिंह मेहता ने बताया कि इस मामले में युवक के दोस्तों के खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पांच लोगों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज