हल्द्वानी। खान, प्रशासन, पुलिस अफसरों की संयुक्त टीम ने घटना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने खुदान की नापजोख की। मिक्सचर प्लांट की क्षमता, अनुमति संबंधी कागजात के लिए मॉल स्वामियों को नोटिस जारी करने की बात कही।
नगर मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय, एसपी अमित श्रीवास्तव, उप निदेशक खान राजपाल लेघा के नेतृत्व में कई विभागों की टीम आवास विकास ठंडी सड़क स्थित निर्माणाधीन मॉल पहुंची। टीम ने सबसे पहले यहां बेसमेंट की आड़ में की गई खुदाई की नापजोख की। जो जांच में सही पाई गई। फिर टीम ने घटनास्थल पर रेडी मिक्स प्लांट का का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार 25 टन क्षमता का प्लांट लगाने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, खान विभाग, जिला प्रशासन की अनुमति लेनी अनिवार्य है लेकिन मॉल स्वामियों ने इसकी अनुमति तक नहीं ली। अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्ट्या प्लांट 25 टन की क्षमता का लग रहा है। फिर भी मॉल स्वामियों को प्लांट की क्षमता वगैरह के दस्तावेज, अनुमति के कागजात दिखाने के लिए नोटिस जारी किया है। उप निदेशक लेघा ने बताया कि मॉल स्वामियों को प्लांट के लिए खान, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति संबंधी सूचना मांगी गई है।