हल्द्वानी। नगर निगम की सड़कों का वैसे ही बुरा हाल है। अब टेलीकॉम कंपनियां बिना अनुमति के सड़क खोद रही हैं। वार्ड नंबर नौ के पार्षद ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर सड़क सही कराने की मांग की। उधर, पुलिस ने ठेकेदार को बुलाकर दो दिन में सड़क ठीक करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को पार्षद मोहन पोखरिया वार्ड वासियों के साथ भोटिया पड़ाव चौकी पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके वार्ड में रिलायंस जियो सड़क के किनारे केबिल डाल रही है। कहा कि कंपनी के ठेकेदार ने सड़क के साथ नालियां भी तोड़ दी हैं। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर भोटिया पड़ाव चौकी इंचार्ज ने ठेकेदार को बुलाकर दो दिन के भीतर नाली और सड़क सही करने के निर्देश दिए। इस दौरान रवि बिष्ट, हेम बेलवाल, सविता गुरुरानी, गीता देवी, मनोज संजय आदि मौजूद रहे।