हल्द्वानी। नैनीताल रोड पर नशे में धुत स्कूटी चालक ने रोके जाने पर सीपीयू दरोगा को टक्कर मार दी। स्कूटी चालक के भागने पर सीपीयू टीम ने उसका पीछा कर चालक को पकड़ लिया। स्कूटी जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया है।
सीपीयू प्रभारी हरिकेश सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम सीपीयू के एसआई प्रताप सिंह नेगी, सिपाही संतोष ध्यानी के साथ नैनीताल रोड स्थित अल्मोड़ा अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के सामने वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस बीच उन्होंने बिना हेलमेट स्कूटी चालक को देख रोकने के लिए हाथ दिया, लेकिन स्कूटी सवार दरोगा को टक्कर मारते हुए भागने लगा। इस पर सीपीयू टीम ने स्कूटी सवार का पीछा किया। करीब 500 मीटर की दूरी पर सीपीयू ने स्कूटी चालक को दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी सांगुड़ी गार्डेन निवासी भरत सांगुड़ी है। पुलिस ने एल्कोमीटर से जांच करने के बाद पाया कि भरत ने ज्यादा शराब पी रखी थी। कोतवाली पुलिस ने स्कूटी जब्त करने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ करने पर पता चला कि पकड़े जाने के डर से युवक ने स्कूटी की रफ्तार तेज कर दी थी। इस दौरान टक्कर से दरोगा को चोट लग गई।