सोने का बताकर पीतल का गलोबंद थमा गए
सराफा व्यवसायी से हुई ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
हल्द्वानी।
ठगों ने पटेल चौक के सराफा व्यवसायी को पीतल का गलोबंद थमाकर करीब ढाई लाख का चूना लगा दिया। व्यवसायी ने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी है। हालांकि रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। पुलिस को ठगों की वीडियो क्लिप भी सौंपी गई है।
पटेल चौक के सराफा व्यवसायी गोपाल रस्तोगी की दुकान में सोमवार को दो लोग आए। उन्होंने गलोबंद दिखाकर कहा कि इसे गिरवी रखना चाहते हैं। दोनों का कहना था कि वे बकरी खरीदने और बेचने का काम करते हैं। इस समय पैसों की जरूरत है। दुकानदार ने उनकी बातों पर विश्वास कर लिया क्योंकि पहले भी वह सोना गिरवी रख चुके थे। गोपाल के अनुसार दोनों की बातों में आकर उन्होंने ढाई लाख रुपये दे दिए। जब सोने की जांच की तो उसका माथा ठनका क्योंकि उसमें सोने के बजाय पीतल का काम था। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने तुरंत कोतवाल केआर पांडे को सूचना दी। उनके पहुंचने पर मोबाइल से बनाई गई वीडियो क्लिप सौंपी। पुलिस की पूछताछ से पता चला कि बताए दोनों चार बार सोना लेकर यहां आ चुके हैं। सोने को गिरवी रखने के बाद दुकानदार ने उन्हें पैसा दिया था। पुलिस ने दुकानदार से कहा कि उसे ग्राहक के परिचय पत्र की प्रति मांगनी चाहिए थी क्योंकि ठग अचानक नहीं आए थे। उन्होंने दुकानदार पर विश्वास जमाकर ठगी की है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।