हल्द्वानी। दस लोगों ने दोनहरिया के पास शराब की दुकान में घुसकर सेल्समैन सहित पांच कर्मचारियों को पीट दिया। आरोप है कि तोड़फोड़ करने के बाद हमलावर बिक्री का पैसा लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची मुखानी पुलिस ने एक युवक को दौड़ाकर धर दबोचा। घटना का कारण दुकान बंद होने के बाद शराब न देने की रंजिश बताई जा रही है।
दोनहरिया स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर भोलानाथ गार्डन का रहने वाला विजय कुमार जायसवाल सेल्समैन है। शुक्रवार की रात दुकान में सेल्समैन के अलावा सतीश कुमार, संतोष कुमार, अजय कुमार, शानू थे। रात में दस लोगों ने दुकान में घुसकर कर्मचारियों को पीटना दिया। हमलावरों ने दुकान में मौजूद शराब की बोतलें तोड़ दी और जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि हमलावर कैश बॉक्स से पैसा लूटकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलने के बाद मुखानी पुलिस मौके पर पहुुंची। पुलिस ने इस मामले में अमरावती कालोनी निवासी निशांत को पकड़ लिया। पता चला कि एक दिन कुछ लोग दुकान बंद होने के बाद रात करीब साढ़े दस बजे शराब मांगने लगे तो सेल्समैन ने शराब देने से मना कर दिया था। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया था। थानाध्यक्ष कमाल हसन का कहना है कि इस मामले में सेल्समैन की तहरीर पर धारा 452, 323, 504, 506, 427, 147 के तहत मुकदमा दर्ज कर निशांत को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस लूट के आरोपों की जांच कर रही है।