हल्द्वानी। राह चलते लोगों का चैन उड़ाने वाले और पुलिस के लिए चुनौती बने टप्पेबाज दिल्ली के निकले। पुलिस ने दो टप्पेबाजों को पकड़ा तो अंतरराज्यीय गिरोह का पता चला। उनके पास कार, टप्पेबाजी के 10,800 रुपये, आधार कार्ड आदि बरामद हुए। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
टीपी नगर चौकी प्रभारी विजय सिंह मेहता ने बताया सोमवार की देर रात तीनपानी बाइपास पर चेकिंग अभियान चलाया गया था इस दौरान सेंट्रो कार संख्या डीएल 3सी एएल 2462 को रोका गया तो उसमें सवार दो युवक इधर उधर की बातें करने लगे। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने देवलचौड़ से ब्रेड के पिकप वाहन से टप्पेबाजी की बात कबूल कर ली। एक ने अपना नाम संदीप और दूसरे ने अजय नायडू निवासी जेजे कालोनी इंदिरापुरी दिल्ली बताया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया है।
गिरोह का सरगना फरार
पुलिस ने दो टप्पेबाजों को दबोच लिया है लेकिन गिरोह का सरगना अअ भी फरार है। टप्पेबाजों ने बताया कि कार का मालिक दिल्ली का चीनू है। वह उन्हें दिल्ली से यहां लेकर आता और वारदात के बाद वापस ले जाता था।
दो अप्रैल को हुई थी टप्पेबाजी
देवलचौड़ खाम निवासी राजेश जायसवाल दो अप्रैल की सुबह छोटा हाथी (यूके 04सीबी1612) से देवलचौड़ में ब्रेड देने पहुंचे थे। इस बीच गाड़ी में रखा बैग गायब था। बैग में 40,000 नगद, जरूरी दस्तावेज थे।