हल्द्वानी। जालसाज ने बैंक प्रबंधक बनकर रिटायर्ड फौजी को कॉल कर एटीएम और आधार का नंबर हासिल कर लिया। कुछ ही देर में जालसाज ने खाते से 44 हजार रुपये निकाल लिए। कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच एसओजी को सौंप दी है।
मानपुर पश्चिम सत्यलोक कॉलोनी निवासी रिटायर्ड फौजी नरायन सिंह बिष्ट के मोबाइल पर सोमवार को कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को बैंक प्रबंधक बताया। बिष्ट के मुताबिक जालसाज ने कहा कि आपका खातर आधार से नहीं जुड़ा है। आधार से जोड़ने के लिए उसने एटीएम और आधार नंबर पूछा। रिटायर्ड फौजी ने दोनों नंबर बता दिए। शक होने पर नरायन सिंह बैंक जाने के लिए तैयार हो गए। बैंक जाने पर पता चला कि जालसाज ने खाते से 44 हजार रुपये उड़ा लिए हैं। इस मामले में उन्होंने घटना से कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। कोतवाल केआर पांडे का कहना है कि शिकायत को जांच के लिए एसओजी को सुपुर्द किया गया है। आशंका है कि बिहार या झारखंड के जालसाजों ने घटना को अंजाम दिया है। हालांकि प्रतिदिन पुलिस लोगों को जालसाजों के लिए प्रति सतर्क करती रहती है, लेकिन लोग आवेश में आकर गलतियां कर देते हैं।