हल्द्वानी। कैंटर के टक्कर से घायल दर्जी की एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टैंकर को पकड़ लिया है।
बहेड़ी फैजगंज के मूल निवासी शंकरलाल यादव (32) की जीतपुर नेगी में सिलाई की दुकान थी। 25 जुलाई को दर्जी बाइक से पंचायतघर की तरफ जा रहा था। इस बीच तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को टक्कर मारकर घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीछा कर कैंटर को टांडा बैरियर पर पकड़ लिया। घायल दर्जी को एसटीएच में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस की पूछताछ से पता चला कि शंकरलाल की शादी सोनी से हुई थी। शंकरलाल के बड़े भाई प्रदीप यादव ने बताया कि उसका भाई सात साल से जीतपुर नेगी में रह रहा था। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बड़े भाई ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है।