हल्द्वानी। सदर बाजार में बिना अनुमति के अवैध रूप से बेसमेंट को खोदना एक व्यापारी को महंगा पड़ गया। जिला विकास प्राधिकरण ने पड़ोसियों की शिकायत पर उसका काम बंद करा दिया।
सदर बाजार में एक दुकान स्वामी ने बिना अनुमति के लगभग 12 फीट का बेसमेंट खोद दिया। बेसमेंट के नीचे भी दस फीट का एक और बेसमेंट बनाने के लिए खुदाई शुरू कर दी गई। दुकान के बगल में मोहित अग्रवाल की लस्सी की दुकान हैं। जबकि श्रीराम गुप्ता एवं मिंटू गुप्ता का मकान भी है। लस्सी की दुकान एवं गुप्ता के मकान की दीवारों में खुदाई के कारण दरारें पड़ गई हैं। गुप्ता ने आरोप लगाया कि व्यापारी उनके मकान की दीवार से सटाकर बीम डाल रहे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि बिना अनुमति के निर्माण करा रहे व्यापारी ने मानकों को ताख पर रखते हुए पांच फीट का छज्जा भी बाहर को निकाल दिया है। आरोप है कि लोगों की परेशानी समझने के बजाय उक्त व्यापारी धमका रहा है। इसकी शिकायत जिला विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता मोहन लाल आर्या से की गई। आर्या मंगलवार को मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंच गए और काम बंद करा दिया। आर्या ने बताया कि दुकान संजय थरेजा की है। इसमें पहले भी चालान किया जा चुका है और मुकदमा दर्ज है। थरेजा ने स्वीकृति नहीं ली है और गलत ढंग से बेसमेंट खोद रहा था। मामला न्यायालय में विचाराधीन है और जो निर्णय होगा उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।