हल्द्वानी। शराब पीकर दफ्तर आना नगर निगम के एक कर्मचारी को महंगा पड़ गया। नगर आयुक्त ने उन्हें शराब के नशे में पकड़ लिया और 500 रुपये का जुर्माना लगाया। उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। उधर, सहायक नगर आयुक्त ने भी नगर आयुक्त से कर्मचारी की शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि कर्मचारी रोज पीकर दफ्तर आते हैं। इससे काम में बाधा पहुंचती है।
बृहस्पतिवार को नगर निगम के कर अनुभाग में तैनात पत्रवाहक हरीश चंद्र जोशी शराब पीकर कार्यालय पहुंचे थे। नगर आयुक्त हरवीर सिंह ने जब उन्हें अपने पास बुलाया तो उनकी मुंह से बदबूू आ रही थी। नगर आयुक्त ने इसका कारण पूछा तो वह इधर-उधर की बात करने लगे। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने माना कि दो पैग लगा ली थी।
उधर, सहायक नगर आयुक्त और कर अधीक्षक ने भी कर्मचारी की शिकायत की थी। इसमें कहा गया था कि पत्रवाहक हरीश जोशी शराब पीकर दफ्तर आ रहे हैं। इससे नगर निगम के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वैसे ही मादक द्रव्यों का सेवन कर कार्यालय में कार्य करना दंडनीय अपराध है। इस पर नगर आयुक्त हरवीर सिंह ने पत्रवाहक के वेतन से 500 रुपये की कटौती कर। उनसे स्पष्टीकरण देने को कहा है। भविष्य में शिकायत मिलने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की बात भी कही गई है।